A2Z सभी खबर सभी जिले की

शहर के लंबित पड़ी सभी विकास योजनाओं को तेज करने का निर्णय

जहानाबाद। नगर परिषद जहानाबाद की चुनी हुई नई सशक्त स्थाई समिति की बुधवार को हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मुख्य पार्षद रूपा देवी की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में उप मुख्य पार्षद पिंटू रजक के अलावा सदस्य प्रो.संजीव कुमार, संजय लालसे के अलावा एग्जीक्यूटिव ऑफिसर दीनानाथ सिंह सहित सभी संबंधित सदस्य शामिल रहे। बैठक में सबसे पहले गत सशक्त स्थाई समिति की बैठक की संपुष्टि का प्रस्ताव आया, जिसे यह कहकर खारिज कर दिया कि उक्त बैठक में कई सदस्यों का प्रोसिंडिंग पर हस्ताक्षर नहीं था। उसके बाद नगर परिषद की उपलब्ध राशि के बारे में ईओ से जानकारियां मांगी गई। समिति ने एक स्वर से नगर परिषद में खर्च की जाने वाली राशि को पहले स्टैंडिंग कमेटी से अनुमोदन प्राप्त करने का निर्णय लिया। बिना अनुमोदन कोई राशि खर्च नहीं की जाएगी।

लंबे अरसे से लटकी शहर में स्ट्रीट लाइट की निविदा प्रक्रिया की ताजा जानकारी देते हुए ईओ ने बताया कि फिनांसियल बीड खुलने के बाद अन्य प्रक्रियाओं के पालन करते हुए तकरीबन दो महीने बाद नई एजेंसी से इकारनामा कर काम शुरू किया जाएगा। इसके अलावा शहर की सफाई पर विस्तार से चर्चा करते हुए एजेंसी को बरसात के पूर्व नालों की सफाई पर ध्यान देने की हिदायत दी गई। गौरतलब हो कि शहर में नालों की सफाई का काम काफी धीमी गति से चल रहा है, जिससे बरसात में इस साल जल जमाव की स्थिति और भयावह होेने की संभावना है। समिति ने प्रत्येक वार्ड में पहले से तय 50-50 लाख रुपए के अलावा उप मुख्य पार्षद के लिए 1.25 व मुख्य पार्षद के लिए 1.50 करोड़ की राशि के विकास की अनुशंसा वाली योजनाओं का शीघ्र निविदा प्रक्रिया पूरी कर जमीन पर काम शुरू करने का निर्णय लिया गया। समिति ने शहर के लंबित पड़ी सभी विकास योजनाओं को तेज करने का निर्णय लेते हुए समन्वय बनाए रखने पर सहमति जताई।

Related Articles
Show More
Back to top button