
महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता
किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं 
संवाददाता। रणजीत कुमार। जहानाबाद। अनुसूची जाति/अनुसूचि जन जाति और महिला थाना का कार्य अब नए भवन से शुरू हो गया है। पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने विधिवत रूप से इसका उद्घाटन किया। इस कदम से जिले में महिला सुरक्षा और अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने बताया कि आज से एससी-एसटी थाना और महिला थाना से संबंधित सभी कार्य नए भवन से ही संचालित किए जाएंगे। पुराने थाना भवन में रखी फाइलें और अन्य आवश्यक दस्तावेज नए भवन में स्थानांतरित किए जा रहे हैं, ताकि कार्यप्रणाली में कोई बाधा न आए।
एसपी ने कहा कि नए भवन से काम शुरू होने से पीड़ितों, विशेषकर महिलाओं और अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के लोगों को बेहतर सुविधा और सुरक्षित वातावरण मिलेगा। उन्होंने आम नागरिकों से निर्भीक होकर अपनी समस्याओं को लेकर नए थाना भवन में संपर्क करने का आग्रह किया। उल्लेखनीय है कि इन परियोजनाओं में पंचायत भवन, एससी-एसटी एवं महिला पुलिस थाना भवन तथा महिला कांस्टेबलों के लिए बैरक शामिल थे। हालांकि, उद्घाटन के बावजूद लगभग दो वर्षों तक नए थाना भवन से कार्य प्रारंभ नहीं हो सका था। जिले के नए पुलिस कप्तान अपराजित लोहान के पदभार ग्रहण करने के साथ ही प्रशासनिक सक्रियता बढ़ी और भवन से कार्य शुरू कर दिया गया।
पदभार ग्रहण करने के बाद से ही एसपी अपराजित लोहान अपराध नियंत्रण को लेकर सक्रिय दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। शहर और ग्रामीण इलाकों में नियमित गश्ती बढ़ाई जाएगी, जिससे आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके। विशेष रूप से कहा कि वर्तमान समय में बड़ी संख्या में बच्चे और छात्र कोचिंग संस्थानों में पढ़ने जाते हैं। ऐसे में कोचिंग संस्थानों और उनके आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी। जहां छेड़खानी या असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की आशंका होगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।