
जिले में जीरो टॉलरेंस की नीति पर किया जा रहा कार्य
मतदाताओं को भयमुक्त, शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान को प्रशासन हर स्तर पर तैयार
जिले में जीरो टॉलरेंस की नीति पर किया जा रहा काम
संवाददाता।रणजीत कुमार।जहानाबाद। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले में विधि-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अलंकृता पांडे और पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के संयुक्त नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च की शुरुआत नगर थाना से हुई जो अंबेडकर चौक, बतीसभवरिया होते हुए अस्पताल मोड़ पर जाकर समाप्त हुई। इस दौरान पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी और अर्धसैनिक बल के जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
डीएम अलंकृता पांडे ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। मतदाताओं को भयमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान कराने के लिए प्रशासन हर स्तर पर तैयार है। उन्होंने कहा कि जिले में कुल छह सीएपीएफ कंपनियां तैनात की जा चुकी हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
एसपी विनीत कुमार ने बताया कि जिले में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अराजक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे शांतिपूर्ण माहौल में मतदान करें और प्रशासन को सहयोग दें। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और लोकतंत्र के इस पर्व में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है।
