
सिद्धार्थ नगर।
एक कार पर सवार होकर किशोर सहित चार लोग शहर के एक मैरेज हाल में शनिवार रात शादी समारोह में शामिल होने आए थे। आधी रात के बाद कार्यक्रम में शामिल होकर कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के अलीगढ़वा कस्बा वापस जा रहे थे। रात करीब चार बजे के आसपास कारण सिद्धार्थनगर थाना के बर्डपुर नंबर 12 गांव के टोला बढ़या के पास एक पुलिया से टकरा गई। कार का स्पीड अधिक होने से टकराने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। आसपास रह रहे लोगों की आंख तेज आवाज के साथ खुल गई तो वह लोग मौके पर पहुंच गए। कार के अंदर फंसे चारों लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की लेकिन निकालने का कोई रास्ता नजर नहीं आया। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी थी। सिद्धार्थनगर थाना की फोर्स भी कुछ ही देर में पहुंच गई। उसने कटर के सहारे कार को काट कर फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला। उसमें एक किशोर भी शामिल था। सभी गंभीर रूप से जख्मी थे। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया तो डॉक्टरों ने राजू वर्मा (42) पुत्र गंगा प्रसाद निवासी अलीगढ़वा थाना कपिलवस्तु को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में बृजेश वर्मा (30) पुत्र हैन्हैया लाल निवासी बांसगांव जिला गोरखपुर, अनिल वर्मा (28) पुत्र राम कुबेर व सोहन (12) पुत्र राजू वर्मा निवासी करही खास थाना गोल्हौरा सिद्धार्थनगर को गंभीर चोटें आईं। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। जहां इलाज चल रहा है। सिद्धार्थनगर थानाध्यक्ष गौरव सिंह ने बताया कि सुचना पर मौके पर पहुंच गए थे। कार में फंसे लोगों को बाहर निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इसमें एक की मौत हो गई जबकि तीन घायल हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
