हमीरपुर। जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री विजय सिंह द्वारा विकासखंड गोहांड के ग्राम औंटा में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम में कई घरों के बाहर नलों से पानी बहता हुआ पाया गया। मलखान, अशोक, राघवेंद्र, जय हिंद, वीरपाल, राम सहाय, रामस्वरूप, राजू, कपिल राजपूत एवं देवेंद्र के घरों के बाहर पानी बहता मिला। वहीं रघुवीर अपने घर के बाहर भैंस को नहला रहे थे। इस पर अपर जिलाधिकारी ने पेयजल की अनावश्यक बर्बादी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ग्रामीणों को नलों को खुला न छोड़ने तथा पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीणों को उपलब्ध कराया जा रहा पानी ट्रीटेड (शोधित) पेयजल है। इसका उद्देश्य गांव के प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। पानी की अनावश्यक बर्बादी के कारण गांव के अन्य परिवारों तक पर्याप्त मात्रा में पेयजल नहीं पहुंच पाता है। उन्होंने ग्रामवासियों से अपील की कि पेयजल को अनमोल संसाधन समझें और इसकी एक-एक बूंद का सदुपयोग करें। घरेलू उपयोग के बाद नलों को खुला न छोड़ें, पानी की टंकी भर जाने पर मोटर बंद कर दें तथा पाइपलाइन या नलों में लीकेज होने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें। पेयजल का उपयोग पशुओं को नहलाने, वाहन धोने अथवा अन्य अनावश्यक कार्यों में न करें और पानी को सड़कों एवं नालियों में व्यर्थ न बहने दें।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की सफलता केवल प्रत्येक घर तक पेयजल पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उपलब्ध कराए जा रहे पानी का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सभी ग्रामवासी पानी की बर्बादी रोकने में सहयोग करें, ताकि गांव के प्रत्येक परिवार को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी गोहांड, सहायक अभियंता जल निगम ग्रामीण हमीरपुर राहुल कुमार, सहायक अभियंता (ईएंडएम) आशीष बाजपेई, ग्राम पंचायत सचिव, कार्यदायी संस्था पीएनसी के प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान एवं पुलिस बल उपस्थित रहे।
