जिला स्तरीय गौवर्धन पूजन एवं गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार वितरण कार्यक्रम सम्पन्न
विधायक श्री पाटीदार एवं कलेक्टर श्री प्रसाद ने विजेता पशुपालकों को किया सम्मानित
वृंदावन ग्राम टेमला के तीन पशुपालकों ने दूध उत्पादन प्रतियोगिता में हासिल किए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान
कलेक्टर श्री प्रसाद ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा विधायक श्री पाटीदार ने गौवंश संरक्षण एवं गोपालन के लिए पशुपालकों को किया प्रेरित
खरगोन 09 नवंबर 2026। जिला स्तरीय गौवर्धन पूजन एवं गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार वितरण कार्यक्रम गायत्री गौशाला मेहरजा में विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार के मुख्य आतिथ्य एवं कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा गौवर्धन एवं गौपूजन किया गया। इसके पश्चात पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सहायक संचालक डॉ. एच.सी. पटेल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. पटेल ने बताया कि जिले की छह विधानसभाओं में चयनित वृंदावन ग्राम टेमला, बोरावा, चोली, बैडिया, सेल्दा एवं सेगावा में आयोजित गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता में दूध उत्पादन के आधार पर विजेता पशुपालकों का चयन किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों द्वारा वृंदावन ग्राम टेमला के विजेता पशुपालक श्री राजेश-मोहन धनगर, श्री भिल्या मांगीलाल धनगर एवं श्री मोहन पाटीदार को शाल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
गौवंश संरक्षण एवं गोपालन को बढ़ावा देने का किया आह्वान
विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार ने अपने उद्बोधन में विजेता पशुपालकों को बधाई देते हुए कहा कि गौपालन एवं दूध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने देशी गाय के दूध, गोबर एवं गौमूत्र के उपयोग और महत्व पर प्रकाश डालते हुए गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन की आवश्यकता बताई।
विधायक श्री पाटीदार ने कहा कि गौपालन की परंपरा को पुनः बढ़ावा देने तथा किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसान कल्याण वर्ष के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभ का धंधा बनाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने जिले में कृषि उत्पादन एवं किसानों की आर्थिक प्रगति को उत्साहजनक बताते हुए खरगोन को कृषि उत्पादन सहित विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी बनाने का आह्वान किया।
प्राकृतिक खेती अपनाकर मिट्टी की उर्वरता बनाए रखें : कलेक्टर
कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद ने गौवर्धन पूजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह प्रकृति के साथ जुड़कर जीवन जीने की भारतीय परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रकृति, नदियों, सूर्य एवं गौवंश के प्रति हमारी आस्था हमें पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने पशुपालकों एवं किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाने और बढ़ावा देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होती है। प्राकृतिक खेती के माध्यम से मिट्टी में मौजूद लाभकारी जीवाणुओं एवं केंचुओं को संरक्षित कर उसकी उर्वरता बनाए रखी जा सकती है।
उन्होंने गौवंश से प्राप्त गोबर एवं अन्य जैविक संसाधनों के उपयोग से जीवामृत एवं घनजीवामृत तैयार कर खेती में उपयोग करने की जानकारी देते हुए कहा कि इससे मिट्टी को जीवंत बनाए रखने में मदद मिलती है। कलेक्टर श्री प्रसाद ने कहा कि गौपालन एवं प्राकृतिक खेती एक-दूसरे के पूरक हैं और इनके माध्यम से किसान पर्यावरण संरक्षण के साथ खेती को अधिक टिकाऊ बना सकते हैं।
मुख्यमंत्री के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के राज्य स्तरीय गौवर्धन पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की 208 विधानसभाओं के वृंदावन ग्रामों में आयोजित गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता के विजेता पशुपालकों को कुल 2.95 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इसके साथ ही प्रदेश की 3 हजार से अधिक गौशालाओं में निराश्रित गौवंश के भरण-पोषण के लिए 65 करोड़ रुपये की राशि सीधे गौशाला संचालकों के खातों में अंतरित की गई।
कार्यक्रम जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मिलिंद कुमार नागदेवे के निर्देशन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर पशुपालन विभाग से डॉ. प्रियंका बघेल, पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी विकासखंड खरगोन, डॉ. दिनेश ठाकर, पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी विकासखंड गोगावां, सुश्री पायल वर्मा, नोडल अधिकारी गौशाला, श्री विनोद कुमार गुप्ता, श्री प्रवीण कटारिया, श्री धीरज यादव सहित अन्य विभागीय कर्मचारी एवं पशुपालक उपस्थित रहे।
