गोण्डा, । दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग गोण्डा एवं बाबा बद्रीदास जन कल्याण सेवा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में प्रकाश मैरिज हाल, पंतनगर गोण्डा में जनपद के दिव्यांगजनों द्वारा स्वयं निर्मित विभिन्न उत्पादों एवं सामग्रियों की दो दिवसीय प्रदर्शनी एवं दीपावली मेला-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन द्वारा किया गया।
प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी ने दिव्यांगजनों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मिट्टी के दीये, फूलबत्ती, अचार, एलईडी बल्ब, अगरबत्ती, मोमबत्ती, दोना, पत्तल तथा विभिन्न प्रकार के मसालों सहित अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों को देखा और उनके निर्माण एवं बिक्री के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने दिव्यांगजनों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वयं भी कई स्टालों से उनके द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीदारी की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों द्वारा अपने हुनर और मेहनत से तैयार किए गए उत्पाद उनकी प्रतिभा, आत्मनिर्भरता एवं स्वावलंबन की भावना को प्रदर्शित करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी एवं मेले के आयोजन से दिव्यांगजनों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर मंच मिलता है। इससे उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने के साथ-साथ समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर भी प्राप्त होता है। आमजन को भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित वस्तुओं की खरीदारी करनी चाहिए, जिससे उनके रोजगार एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान विभाग द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिव्यांगजनों के हितार्थ संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। नुक्कड़ नाटक के जरिए योजनाओं के लाभ, पात्रता तथा उनसे जुड़ने की प्रक्रिया को सरल एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे उपस्थित लोगों को जागरूक किया जा सके।
इसी क्रम में जिलाधिकारी द्वारा महिला दिव्यांग लाभार्थियों को मोटराइज्ड साइकिल का वितरण भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग महिलाओं को आवागमन में सुविधा प्रदान करने के साथ उनकी स्वतंत्रता, गतिशीलता एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। प्रदर्शनी में दिव्यांगजनों द्वारा उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा एवं हुनर का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सुश्री माधवी पाण्डेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
