संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़ पांढुरना
पांढुर्णा, 1 नवंबर 2026। आगामी 4 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले बलराम कृषि महोत्सव की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में महोत्सव के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बलराम कृषि महोत्सव का जिला स्तरीय आयोजन कृषि उपज मंडी परिसर पांढुर्णा में किया जाएगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। किसानों की सहभागिता, विभागीय योजनाओं की जानकारी, हितलाभ वितरण एवं विभागीय प्रदर्शनी की समुचित व्यवस्था की जाए।
बैठक में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग को विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी एवं हितग्राहियों को लाभ वितरण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं पुलिस विभाग को कानून एवं शांति व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकीय टीम एवं एंबुलेंस, नगर परिषद को पेयजल एवं साफ-सफाई तथा विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा लोक निर्माण विभाग को मंच की सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं, कृषि उपज मंडी समिति को कार्यक्रम स्थल पर शेड, पार्किंग, स्वल्पाहार एवं पेयजल व्यवस्था तथा जनसंपर्क विभाग को कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार का दायित्व सौंपा गया।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में पालन करने तथा आयोजन की सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि बलराम कृषि महोत्सव में अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा एवं सुश्री नेहा सोनी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पांढुर्णा श्रीमती अल्का एक्का, उपसंचालक कृषि श्री मोरिस नाथ, किसान मोर्चा अध्यक्ष श्री खिड़ेकर, एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
