संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़ पांढुरना
पांढुर्णा, 01 नवंबर 2026
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में आज आबकारी वृत्त पांढुर्णा के अंतर्गत आबकारी विभाग के दल द्वारा अवैध शराब निर्माण के अड्डों पर दबिश देकर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान नालों एवं जंगल में झाड़ियों के समीप अवैध हाथभट्टी महुआ शराब निर्माण के लिए एकत्रित लगभग 200 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। लाहन का विधिवत नमूना लेकर शेष सामग्री मौके पर नष्ट की गई। इस संबंध में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(च) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
इसी क्रम में आबकारी दल द्वारा मदिरा दुकान का निरीक्षण करने के साथ ही हाईवे स्थित ढाबों पर भी दबिश देकर सघन जांच की गई।
उक्त कार्रवाई में वृत्त प्रभारी श्री अनिकेत पटेल, आबकारी आरक्षक श्री मुकेश राहांगडाले एवं श्री अंकुश मरावी उपस्थित रहे। आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय पर रोक लगाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
