हमीरपुर। जिलाधिकारी अशोक कुमार के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
27 और 28 अक्टूबर को जांच के दौरान अवैध खनिज परिवहन में लगे नौ वाहनों के ऑनलाइन चालान कर करीब पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इनमें सात वाहनों से 4.10 लाख रुपये राजकीय कोष में जमा कराए जा चुके हैं, जबकि शेष 90 हजार रुपये की वसूली की कार्रवाई जारी है।
वहीं, 28 अक्टूबर को ग्राम इछौरा-जिटकरी के खंड संख्या 25/2 में राजस्व एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम ने जांच की। जांच में खनन स्वीकृत पट्टा क्षेत्र के भीतर पाया गया और नदी की जलधारा में खनन की पुष्टि नहीं हुई।
प्रशासन के अनुसार, नदी की जलधारा में खनन पाए जाने पर नियमानुसार पांच लाख रुपये का अर्थदंड निर्धारित है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और नियमों के विरुद्ध खनिज परिवहन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
