मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे की गल्ला मंडी में शुक्रवार को सचल दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 520 बोरी खेसारी दाल जब्त की।
प्रत्येक बोरी में 60 किलोग्राम दाल भरी हुई थी। इस तरह ट्रक से कुल 31.2 टन खेसारी दाल बरामद की गई।
कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह, सीओ राजकुमार पांडेय और खाद्य अधिकारी मृत्युंजय कुमार मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह सचल दल को गल्ला मंडी में खेसारी दाल से लदा ट्रक पहुंचने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही टीम ने मंडी परिसर पहुंचकर ट्रक की जांच की। जांच के दौरान ट्रक में 520 बोरी खेसारी दाल लदी मिली।
इसके बाद अधिकारियों ने दाल को जब्त करने की कार्रवाई की। पूछताछ में ट्रक चालक सूरज कुमार निवासी पीपरपुर, जनपद अमेठी ने बताया कि दाल अमेठी से मौदहा लाई जा रही थी।
सचल दल ने जब्त की गई दाल को विक्रेता दया अग्रवाल की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गल्ला मंडी में एक साथ 31.2 टन खेसारी दाल की बरामदगी और जब्ती की कार्रवाई से मंडी परिसर में चर्चा का माहौल रहा।
