मौदहा (हमीरपुर)। सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में कथित आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल और धार्मिक वैमनस्य फैलाने के आरोपों के मामले में मौदहा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सपा नेता फरीद बबलू और न्यामत उल्ला को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं, मामले में नामजद तीसरे आरोपी पप्पू की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार, हुसैनगंज निवासी कमरुद्दीन उर्फ जुगनू की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
शिकायत में वायरल ऑडियो में मुख्यमंत्री समेत अन्य लोगों के खिलाफ कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस तलाश में जुटी है। वायरल ऑडियो को लेकर दर्ज इस मुकदमे के बाद पुलिस की कार्रवाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
