हमीरपुर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।
इसमें विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। डीएम ने पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने और मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए।
डीएम ने बताया कि मतदेय स्थलों का सम्भाजन एवं पुनर्व्यवस्थापन 2 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का आलेख प्रकाशन 12 नवंबर को होगा।
दावे एवं आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक प्राप्त की जाएंगी, जबकि उनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा आगामी अर्हता तिथियों के आधार पर भी अग्रिम आवेदन लिए जाएंगे।
बीएलओ को पुरानी और वर्तमान मतदाता सूची का मिलान कर छूटे हुए पात्र मतदाताओं को पंजीकरण में सहायता देने के निर्देश दिए गए। मतदेय स्थलों के पुनर्व्यवस्थापन में अधिकतम 1200 मतदाताओं और लगभग दो किलोमीटर की परिधि के मानक का ध्यान रखा जाएगा।
डीएम ने स्पष्ट किया कि किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से नहीं हटाया जाए और नाम अपमार्जन से पहले नियमानुसार जांच एवं सत्यापन किया जाए। उन्होंने राजनीतिक दलों से नए मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल एजेंट नामित कर सहयोग करने की अपील की।
बैठक में भाजपा जिला महामंत्री लक्ष्मीरतन साहू, बसपा के वीरेन्द्र वर्मा, कांग्रेस जिला सचिव सूर्य किशोर तिवारी, सपा के युगांक मिश्रा तथा उप जिलाधिकारी अभिषेक कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
