हमीरपुर। अधिवक्ताओं के हितों एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर बुधवार को हमीरपुर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।
अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में अधिवक्ताओं की सुरक्षा, स्वतंत्रता और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एवं महामंत्री अश्वनी कुमार प्रजापति की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का अभिन्न अंग हैं और न्यायालय में पीड़ित, वंचित एवं आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करते हुए उन्हें न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अधिवक्ताओं के साथ आए दिन होने वाली घटनाओं से उनके कार्य एवं स्वतंत्रता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से अधिवक्ताओं के विरुद्ध पारित किए जा रहे आदेशों एवं निर्णयों पर पुनर्विचार, जिससे उनके विधिक कार्य एवं स्वतंत्रता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, की मांग उठाई गई। साथ ही अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम (Advocates Protection Act) को शीघ्र लागू करने के लिए आवश्यक विधायी कार्रवाई शुरू करने की मांग की गई।
अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर अथवा न्यायिक कार्य के दौरान होने वाली हिंसा, धमकी एवं उत्पीड़न की घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी और कठोर कानूनी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा अधिवक्ताओं को अपने विधिक दायित्वों के निर्वहन में अनावश्यक दबाव, भय अथवा हस्तक्षेप से मुक्त वातावरण उपलब्ध कराने तथा उनकी गरिमा, स्वतंत्रता एवं पेशेवर अधिकारों की रक्षा के लिए केंद्र और राज्य स्तर पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि अधिवक्ता समुदाय से संबंधित नीतिगत एवं प्रशासनिक निर्णय लेते समय बार काउंसिल एवं बार एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों से आवश्यक परामर्श किया जाना चाहिए। बार एसोसिएशन ने सरकार से अधिवक्ताओं की मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपील की।
इस दौरान जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
