कबीरधाम। सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझगांव में एक घर से हुई 12.50 लाख रुपये की चोरी के मामले में कबीरधाम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने मामले में पिता-पुत्र सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 11 लाख 53 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मझगांव निवासी हीरालाल साहू ने 24 सितंबर को सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर 12.50 लाख रुपये चोरी कर ले गया। घटना के समय परिवार के सदस्यों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से बाहर निकलते देखा था।
उसके चेहरे पर गमछा बंधा हुआ था। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास से शराब की शीशी, कुएं में फेंका गया पर्स और गली में मिला खाली बैग भी मिला।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 415/2026 के तहत BNS की धारा 305(ए) और 331(3) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर टीम के साथ पुलिस ने शुरू की जांच
बड़ी रकम की चोरी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश पर साइबर थाना और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम बनाई गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित पटेल की निगरानी में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ घटनास्थल से मिले सुरागों का विश्लेषण किया। पुलिस ने मैदानी स्तर पर भी लगातार संदिग्धों की पतासाजी की।
पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक और प्रशांत देवांगन के नेतृत्व में साइबर थाना प्रभारी उमाशंकर राठौर तथा सिटी कोतवाली की टीम ने जांच को आगे बढ़ाया। तकनीकी जानकारी और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पुराने मकान की छत से घर में दाखिल हुआ आरोपी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ग्राम मझगांव निवासी कमलेश पटेल (19), पिता भागवत पटेल ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी का पुराना मकान और शिकायतकर्ता का मकान आपस में जुड़े हुए हैं और दोनों मकानों की छत के रास्ते एक-दूसरे के घर तक पहुंचा जा सकता है।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि 15 सितंबर को गणेश चतुर्थी के कारण गांव के लोग गणेश पंडाल में व्यस्त थे। इसी दौरान वह शाम करीब 5:30 बजे अपने पुराने मकान में पहुंचा और अंधेरा होने का इंतजार किया।
इसके बाद वह पुराने मकान की छत से पड़ोसी के मकान की छत पर पहुंचा और वहां से कमरे में दाखिल हो गया। कमरे में पहुंचने के बाद आरोपी ने बल्ब निकालकर अलग रख दिया और आलमारी की तलाशी ली।
दराज में रकम नहीं मिलने पर उसने लॉकर खोला, जिसमें रखे 500, 200 और 100 रुपये के नोटों के बंडल तथा पर्स को निकाल लिया। चोरी की रकम पुराने मकान में छिपाई
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चोरी की रकम को गमछे में बांधा और अपने पुराने मकान में ले गया।
बाद में रकम को एक कार्टून में रखकर पुराने मकान की दूसरी मंजिल के कमरे के छज्जे में छिपा दिया गया। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर 11 लाख 53 हजार रुपये बरामद किए हैं।
मामले में पिता की भूमिका भी सामने आने पर उसे भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
