मौदहा, हमीरपुर । अतिवृष्टि और बिरमा नदी के बढ़े जलस्तर से प्रभावित क्षेत्रों का जिलाधिकारी अशोक कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने तहसील मौदहा के विकासखंड मुस्करा क्षेत्र के ग्राम शिवनी, नत्थू पाल-डेरा समेत आसपास के मजरों में पहुंचकर नदी के जलस्तर, जलभराव, फसल क्षति और क्षतिग्रस्त सड़कों व रपटों का जायजा लिया। डीएम ने बताया कि बिरमा नदी का जलस्तर घटने से बाढ़ जैसी स्थिति समाप्त हो गई है और जनजीवन सामान्य हो रहा है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों, एप्रोच मार्गों और रपटों का तत्काल रेस्टोरेशन कर आवागमन सुचारु कराने के निर्देश दिए। खेतों में पहुंचकर उन्होंने तिल, मूंगफली और अरहर की फसलों का भी निरीक्षण किया तथा फसल क्षति का पारदर्शी ढंग से सर्वे कराने को कहा।
उपनिदेशक कृषि डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि फसल बीमा योजना के तहत जनपद में व्यक्तिगत क्षति के करीब 31 हजार दावे प्राप्त हुए हैं, जिनमें 20 हजार का सर्वे पूरा हो चुका है।
शेष दावों का सर्वे एक सप्ताह में पूरा कराया जाएगा। सर्वे के बाद पात्र किसानों की क्षतिपूर्ति राशि भारत सरकार के पोर्टल के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी।
डीएम ने अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों का भी त्वरित सर्वे कर पात्र परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में नाव, राहत सामग्री और प्रशासनिक टीमों की व्यवस्था बनाए रखने तथा स्थिति सामान्य होने तक अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम मौदहा करनवीर सिंह सहित राजस्व, कृषि, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
