मौदहा, हमीरपुर। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के परछछ गांव में रविवार देर शाम चंद्रावल नदी में नहाते समय महिला समेत पांच बच्चे गहरे पानी में चले गए।
हादसे में ग्रामीणों ने महिला और तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो बच्चे तेज बहाव में बह गए। देर शाम तक दोनों बच्चों की तलाश जारी रही, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।
परछछ गांव निवासी अंश (10) पुत्र जय सिंह कुशवाहा, अंशिका उर्फ गिल्ली (11) पुत्री कमलेश भुर्जी, खुशी (8), प्रांशी (5) तथा नीलम (34) पत्नी कमलेश कुशवाहा गांव से करीब एक किलोमीटर दूर चंद्रावल नदी में नहाने गए थे। नहाते समय अचानक सभी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने नदी में उतरकर नीलम, खुशी और प्रांशी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि अंश और अंशिका तेज बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम करनवीर सिंह और सीओ राजकुमार पाण्डेय समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
थाना मौदहा पुलिस ने स्थानीय लोगों, गोताखोरों, फायर सर्विस और बाढ़ राहत दल की मदद से दोनों बच्चों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। अंधेरा होने के कारण देर रात अभियान रोक दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सुबह एसडीआरएफ टीम की मदद से दोबारा रेस्क्यू अभियान चलाकर बच्चों की तलाश की जाएगी। हादसे के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है।
बच्चों के परिजन और ग्रामीण नदी किनारे डटे हुए हैं और दोनों बच्चों के मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। पुलिस द्वारा प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
