
अखंड भारत न्यूज, रिपोर्टर: होशियार सिंह, कोसली (रेवाड़ी)
एसडीएम विजय कुमार यादव ने कहा है कि कोसली शहर का विकास उपमंडल प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है। यहां की जनसमस्याओं का निवारण करते हुए जन सुविधाओं में वृद्धि के सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।
एसडीएम आज स्थानीय मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोसली के आरओबी व रेलवे स्टेशन से आईटीआई तक सार्वजनिक रोशनी का प्रबंध किया जा रहा है। इस कार्य को पूरा करवाने के लिए सीएसआर स्कीम को उपयोग में लिया जा रहा है। एनटीपीसी ने 73 लाख के प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। पुल के आसपास से अतिक्रमण को हटा कर हुडा सेक्टर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि हुडा सेक्टर की ग्रीन बेल्ट को विकसित करने के लिए 20 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
पीएम श्री राजकीय विद्यालय की खेल मैदान के लिए छोड़ी गई जमीन को सुधारने के लिए 38 लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी। इसी प्रकार राजीव गांधी खेल स्टेडियम व न्यायिक परिसर के साथ लगते पंचायती पार्क में भी लाइटें लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में रोशनी का प्रबंध होने के बाद लोग सपरिवार यहां रोज शाम को घूमने के लिए आ रहे हैं।
विजय कुमार यादव ने बताया कि सुपर सकर मशीन से कोसली की सीवरेज लाइनों की सफाई करवाई गई है। उन्होंने बताया कि कोसली स्टेशन पर आरयूबी बनवाने की योजना को सिरे चढ़ाने के लिए विधायक अनिल यादव ने काफी मेहनत की है और जल्द इसे अमल में लाया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि जल निकासी का स्थाई इंतजाम करने के लिए कार्य योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि एसआईआर के कार्य में कोसली विधानसभा क्षेत्र पूरे हरियाणा में सबसे आगे है। दो लाख 48 हजार मतदाताओं में से करीब 3200 ऐसे हैं, जिनकी मैपिंग नहीं हुई है। हलके में 24 हजार मतदाताओं का विवरण गलत था, जिसमें से 22 हजार नागरिकों की त्रुटियों को दूर कर लिया गया है। बाकी 8 सितंबर तक सभी दावे एवं आपत्तियों का निपटारा कर लिया जाएगा।

