धनबाद। कतरास थाना क्षेत्र के कंको लालचक में पिछले करीब दो महीने से कथित तौर पर एक अवैध कोयला डिपो संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाघमारा अनुमंडल के विभिन्न थाना व ओपी क्षेत्रों से अवैध तरीके से निकाला गया कोयला मिनी हाइवा, पिकअप वाहन और सैकड़ों मोटरसाइकिलों के जरिए यहां लाकर जमा किया जाता है।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जंगल के बीच संचालित बताए जा रहे इस डिपो में कोयले को जलाकर पोड़ा कोयला तैयार करने और फिर उसे दूसरे स्थानों पर भेजने का काम भी किया जाता है। डिपो के माइनिंग क्षेत्र से बाहर होने का फायदा उठाकर कोयला कारोबार संचालित किए जाने की बात कही जा रही है।
ट्रक खराब सड़क के कारण पलटा, JCB से निकालने का प्रयास
बुधवार सुबह डिपो तक जाने वाले खराब रास्ते के कारण एक ट्रक के गिरने की सूचना मिली। इसके बाद मौके पर JCB बुलाकर ट्रक को बाहर निकालने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है।
CISF और BCCL की भूमिका पर भी रहे
उठे सवाल
मामले में स्थानीय स्तर पर CISF और BCCL की कथित मिलीभगत के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पूरे मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।यदि यहां लंबे समय से अवैध कोयले का भंडारण और परिवहन हो रहा है, तो यह सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित विभागों की निगरानी पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर अवैध डिपो के संचालन पर कार्रवाई की मांग की है।



