धनबाद: धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर मटकुरिया चेकपोस्ट के पास गोधर 26 नंबर में सड़क धंसने से बड़ा और खतरनाक गड्ढा बन गया है। सड़क पर लगातार पानी बहने के कारण बनी इस स्थिति से रोजाना गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों में हादसे का डर बना हुआ है।गोधर कोलियरी कार्यालय के सामने बने इस गड्ढे के पास से भारी हाइवा वाहनों की आवाजाही भी होती है। गोंदूडीह कोलियरी से मैथन पावर प्लांट के लिए कोयला लेकर हाइवा इसी मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर बने गड्ढे के कारण दुर्घटना की आशंका और बढ़ गयी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थान पर पहले भी सड़क पर पानी बहने के कारण गड्ढे बन चुके हैं और दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। मार्च में हुई जिला सुरक्षा समिति की बैठक में भी जर्जर सड़क की मरम्मत का मुद्दा उठाया गया था, लेकिन अब तक मरम्मत का ठोस काम नहीं हो सका है , गोधर 26 नंबर के पास पानी के बहाव से बना गड्ढा जानलेवा साबित हो सकता है।
संबंधित एजेंसी को दिया जाएगा निर्देश
जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर द्विवेदी ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए संबंधित एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी सड़क की जल्द मरम्मत कराने और पानी के बहाव को रोकने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
@

