
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा हमीरपुर । कोतवाली मौदहा क्षेत्र के ग्राम परछछ में एक व्यक्ति ने गांव के ही युवक पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता दुर्वेश पुत्र स्व. रामस्वरूप प्रजापति निवासी ग्राम परछछ, थाना मौदहा ने प्रभारी निरीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 22 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे वह अपने घर के पास पुलिया में बैठा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी प्रमोद विश्वकर्मा पुत्र छग्गू विश्वकर्मा वहां आया और बिना किसी कारण उसके साथ गाली-गलौज करने लगा।
शिकायत के अनुसार, विरोध करने पर प्रमोद विश्वकर्मा ने उसके साथ मारपीट की और जमीन पर पटककर घसीटने लगा, जिससे उसके शरीर में चोटें आईं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, जब उसके चाचा कमलेश ने बीच-बचाव किया तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रमोद विश्वकर्मा आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसके विरुद्ध कई मुकदमे व हरिजन एक्ट का मुकदमा भी चल रहा है।
पीड़ित ने प्रभारी निरीक्षक से मामले की जांच कर आरोपी प्रमोद विश्वकर्मा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा प्रार्थी और उसके चाचा का मेडिकल परीक्षण कराकर मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है।

