A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :इंगोहटा में चाचा की हत्या का आरोपी भतीजा गिरफ्तार, हादसे का रूप देने की कोशिश

मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट 

हमीरपुर। सुमेरपुर थाना क्षेत्र के इंगोहटा गांव में चाचा की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त को विवाद के दौरान आरोपी ने अपने चाचा के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को सीढ़ियों पर रख दिया गया।

पुलिस के अनुसार, इंगोहटा निवासी छोटू सिंह उर्फ योगेंद्र सिंह पर आरोप है कि वह अपने चाचा मृतक योगेंद्र प्रताप सिंह उर्फ भूरे सिंह चंदेल के साथ शिवानी ढाबे पर खाना खाने गया था। वहां दोनों के बीच गाली-गलौज और विवाद हुआ। घर लौटने के बाद भी विवाद जारी रहा। इसी दौरान आरोपी ने घर के बरामदे में रखे डंडे से चाचा के सिर पर प्रहार कर दिया।

Related Articles

पुलिस के मुताबिक, गंभीर चोट लगने से चाचा की मौत हो गई। घटना को दुर्घटना का रूप देने और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से आरोपी ने शव को सीढ़ियों पर रख दिया। घटना में प्रयुक्त डंडा, मृतक की खून लगी शर्ट और चप्पल को भी ट्यूबवेल के पास झाड़ियों में छिपा दिया गया था।

थाना सुमेरपुर पुलिस ने आरोपी छोटू सिंह उर्फ योगेंद्र सिंह परिहार, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी इंगोहटा को उसके खेत में ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल डंडा, मृतक की खून लगी सफेद हाफ शर्ट और चप्पल बरामद की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया।

Show More
Back to top button