A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :चंद्रावल नदी में भैंस खोजने उतरे अधेड़ का तेज बहाव में बहने से हड़कंप

मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट 

हमीरपुर। सुमेरपुर थाना क्षेत्र के मौहर गांव में चंद्रावल नदी में भैंस खोजने उतरा एक अधेड़ तेज बहाव में बह गया। करीब 18 घंटे बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस और राहत-बचाव टीम नदी में लगातार उसकी तलाश कर रही है, लेकिन बढ़े जलस्तर और तेज बहाव के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं।

रामबाबू ने बताया कि उनके पिता भगवानदीन (55) शुक्रवार को भैंस चराने चंद्रावल नदी किनारे गए थे। कुछ देर बाद भैंसें नदी पार कर दूसरी ओर चली गईं। भैंसों को दूसरी ओर न देखकर भगवानदीन उन्हें खोजने के लिए कपड़े उतारकर नदी पार करने लगे। इसी दौरान वह तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गए।

Related Articles

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और नदी किनारे के साथ पानी के अंदर भी तलाश शुरू की। करीब 18 घंटे बीतने के बाद भी भगवानदीन का पता नहीं चल सका है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

बढ़े जलस्तर को देखते हुए सावधानी जरूरी

इन दिनों लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में ग्रामीणों से नदी और गहरे पानी के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है। बच्चों को विशेष रूप से नदी-नालों से दूर रखने की जरूरत है। ग्राम प्रधान, समाजसेवी और जिम्मेदार लोग अपने-अपने गांव व कस्बों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को बरसात में नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव के खतरे के प्रति सचेत करें। स्कूलों में भी बच्चों को जलभराव और उफनती नदियों से दूर रहने की जानकारी दी जानी चाहिए।

Show More
Back to top button