A2Z सभी खबर सभी जिले की

धनबाद SIR: मैपिंग से छूटे 1.27 लाख मतदाताओं को नोटिस, सुनवाई के लिए बुला रहा निर्वाचन विभाग

nz धनबाद। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मैपिंग से छूटे मतदाताओं की सुनवाई शुरू हो गई है। धनबाद जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में 1,27,786 मतदाता ऐसे पाए गए हैं, जिनकी मैपिंग नहीं हुई है, लेकिन उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल है। जिला निर्वाचन विभाग अब इन्हें बारी-बारी से नोटिस जारी कर सुनवाई के लिए बुला रहा है।

SIR से जुड़े कार्यों के लिए जिले में 35 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। मतदाता अपनी सुविधा के अनुसार संबंधित पदाधिकारी से नजदीकी बूथ, पंचायत भवन, कार्यालय, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) या अंचल अधिकारी (CO) के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

सुनवाई के दौरान पदाधिकारी मतदाताओं के दस्तावेजों की जांच करेंगे। इसके बाद नियमों के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

रोजाना 150 मतदाताओं की होगी सुनवाई

Related Articles

धनबाद निर्वाचन कार्यालय के उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा ने बताया कि प्रत्येक पदाधिकारी को प्रतिदिन करीब 150 मतदाताओं की समस्याएं सुनने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने बताया कि मैपिंग से छूटे 1,27,786 मतदाताओं में अधिकतर ऐसे लोग हैं, जिनका नाम 2024 की मतदाता सूची में शामिल था। वहीं अनुपस्थित (Absent), स्थानांतरित (Shifted), डुप्लीकेट और विदेश में रहने वाले मतदाताओं की श्रेणी को अलग रखा गया है।

दस्तावेज देकर रख सकते हैं अपना पक्ष

शेष मतदाताओं को निर्वाचन विभाग की ओर से नोटिस देकर उनकी पात्रता और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। संबंधित मतदाता निर्वाचन विभाग द्वारा मांगे गए दस्तावेजों में से कोई भी उपयुक्त दस्तावेज प्रस्तुत कर अपना पक्ष रख सकते हैं।

निर्वाचन विभाग का उद्देश्य सुनवाई और दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र मतदाताओं की स्थिति स्पष्ट करना और मतदाता सूची को नियमानुसार अंतिम रूप देना है।

Show More
Back to top button