A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :उचित दर विक्रेताओं का लाभांश बढ़कर हुआ ₹125 प्रति कुंतल

 

मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट 

हमीरपुर। उचित दर विक्रेताओं के हित में प्रदेश सरकार द्वारा लाभांश में वृद्धि किए जाने के बाद सोमवार को जनपद की दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। हमीरपुर विधानसभा का कार्यक्रम कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार तथा राठ विधानसभा का कार्यक्रम तहसील सभागार राठ में हुआ।

Related Articles

हमीरपुर विधानसभा कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने की। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद, जिलाधिकारी अभिषेक गोयल, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा उचित दर विक्रेता मौजूद रहे। वहीं राठ विधानसभा में जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष निवास बुधौलिया, विधायक प्रतिनिधि भारत अनुरागी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सहित विभागीय अधिकारी एवं उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि उचित दर विक्रेताओं का लाभांश ₹90 प्रति कुंतल से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल कर दिया गया है। यानी लाभांश में ₹35 प्रति कुंतल की वृद्धि हुई है। इससे उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूती मिलने के साथ राशन वितरण व्यवस्था को भी और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

अधिकारियों ने अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण, सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी, ई-पॉस मशीन के माध्यम से सही मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने, सीएससी संचालन तथा उचित दर विक्रेताओं को बिक्री के लिए अनुमन्य 39 वस्तुओं की जानकारी दी। आधार सीडिंग, बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन और पोर्टेबिलिटी व्यवस्था के माध्यम से खाद्यान्न वितरण की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि जनपद के करीब 29 हजार अस्थायी रूप से निवासरत राशनकार्डधारक अन्य प्रदेशों एवं जनपदों से पोर्टेबिलिटी के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त कर रहे हैं।

जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। लाभांश में वृद्धि से उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी और वे अधिक उत्साह व जिम्मेदारी के साथ कार्य कर सकेंगे। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा एवं गुणवत्ता का खाद्यान्न समय से उपलब्ध कराने तथा वितरण में पूरी पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में एलईडी/टीवी के माध्यम से खाद्य एवं रसद विभाग के मंत्री मनोज पाण्डेय, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य के संबोधन तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लाभांश वृद्धि संबंधी घोषणा एवं संबोधन को सुना गया। उचित दर विक्रेताओं ने लाभांश बढ़ाए जाने पर प्रदेश सरकार का आभार जताते हुए कहा कि इससे उन्हें कार्य के प्रति और प्रोत्साहन मिलेगा।

Show More
Back to top button