
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जनपद के ग्राम चंदूपुर में ऊबड़-खाबड़ एवं कच्चे मार्ग को पक्का कराए जाने की मांग को लेकर दिनांक 11 अगस्त 2026 को कुछ ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। उक्त प्रकरण के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि ग्रामवासियों की सड़क संबंधी समस्या को पूर्व से ही गंभीरता से लिया गया है तथा इसके स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही निरंतर की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि ग्राम चंदूपुर के ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा इससे पूर्व भी दिनांक 03 जुलाई 2026 को सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया था। उस अवसर पर जिलाधिकारी हमीरपुर श्री अभिषेक गोयल द्वारा प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर सड़क निर्माण के संबंध में आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे।

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सड़क निर्माण संबंधी आवश्यक विभागीय औपचारिकताएं पूर्ण की गई हैं। ग्राम चंदूपुर में सड़क निर्माण के लिए वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) प्राप्त किया जा चुका है तथा लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण संबंधी प्रस्ताव शासन स्तर पर प्रेषित किया जा चुका है। शासन से स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूर्ण कराया जाएगा।

इसी क्रम में सड़क की वर्तमान स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों एवं विशेष रूप से छात्र-छात्राओं को तत्काल राहत प्रदान करने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), हमीरपुर तथा उप जिलाधिकारी, हमीरपुर सदर एवं अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड हमीरपुर द्वारा सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया गया। मौके पर ऊबड़-खाबड़ मार्ग को आवागमन योग्य बनाने के लिए मिट्टी एवं बालू की पुराई कराई जा रही है, जिससे मार्ग की स्थिति में तत्काल सुधार हो सके।
जिला प्रशासन द्वारा की गई इस त्वरित कार्यवाही का उद्देश्य ग्रामीणों तथा छात्र-छात्राओं को आवागमन में हो रही कठिनाई को कम करना और स्थायी सड़क निर्माण होने तक मार्ग को यथासंभव सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखना है। मौके पर की गई मिट्टी एवं बालू की पुराई की कार्यवाही से ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा संतोष भी व्यक्त किया गया।ग्राम प्रधान शिव कुमार निषाद द्वारा पुष्टि की गयी कि लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्ग समस्या के स्थायी निदान हेतु शासन स्तर पर कार्यवाही प्रचलित है।प्रधान द्वारा यह भी बताया गया कि आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक कार्यवाही गतिमान है।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि ग्राम चंदूपुर की सड़क समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्यवाही प्रचलित है। सड़क निर्माण के लिए आवश्यक विभागीय प्रक्रिया पूर्ण करते हुए प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। शासन से स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत सड़क निर्माण कार्य को नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जनहित से जुड़े विषयों में ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा है कि मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु तत्काल राहत कार्यों के साथ-साथ स्थायी समाधान की प्रक्रिया भी समानांतर रूप से आगे बढ़ाई जा रही है। प्रशासन द्वारा की जा रही कार्यवाही में सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।


