
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597

मनावर। जिला धार ।।ननगर पालिका परिषद मनावर को शहरवासियों की सुविधा के लिए एक आधुनिक डुअल टैंकर प्राप्त हुआ है। यह टैंकर गर्मी के दिनों में पेयजल संकट से जूझ रहे क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति करने के साथ-साथ आगजनी जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में फायर ब्रिगेड वाहन के रूप में भी उपयोग किया जा सकेगा। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का श्रेय वार्ड क्रमांक 8 की पार्षद श्रीमती लक्ष्मी जाट के सतत प्रयासों एवं मांग को जाता है, जिनके आग्रह पर विधायक निधि से यह आधुनिक डुअल टैंकर नगर पालिका मनावर को उपलब्ध कराया गया।
नगर पालिका परिसर में टैंकर के पहुंचने पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात पार्षद लक्ष्मी जाट एवं अन्य पार्षदों ने प्रतीकात्मक रूप से टैंकर की जिम्मेदारी नगर पालिका अध्यक्ष अजय पाटीदार एवं नगर पालिका के इंजीनियर को सौंपी।
इस अवसर पर पार्षद लक्ष्मी जाट ने कहा कि नगर में हर वर्ष गर्मियों के दौरान कई क्षेत्रों में पेयजल संकट की स्थिति बन जाती है। वहीं समय-समय पर आगजनी की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं, जिनसे तत्काल निपटने के लिए पर्याप्त संसाधनों की आवश्यकता महसूस की जाती थी। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने क्षेत्रीय विधायक डॉ. हीरालाल अलावा से विधायक निधि के माध्यम से एक आधुनिक डुअल टैंकर उपलब्ध कराने की मांग की थी। विधायक द्वारा उनकी मांग को प्राथमिकता देते हुए नगर पालिका को यह बहुउपयोगी वाहन उपलब्ध कराया गया।
उन्होंने बताया कि यह टैंकर आधुनिक तकनीक से सुसज्जित है और आवश्यकता पड़ने पर पेयजल परिवहन के साथ-साथ आग बुझाने के कार्य में भी प्रभावी भूमिका निभाएगा। इससे नगर के नागरिकों को दोहरी सुविधा मिलेगी तथा आपदा की स्थिति में त्वरित राहत उपलब्ध कराई जा सकेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष अजय पाटीदार ने विधायक डॉ. हीरालाल अलावा एवं पार्षद लक्ष्मी जाट के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह डुअल टैंकर नगर के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा। इससे एक ओर जहां पेयजल संकट के समय प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी, वहीं आगजनी जैसी आकस्मिक घटनाओं में भी तत्काल राहत कार्य किया जा सकेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नगर पालिका इस वाहन का उपयोग पूरी जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ जनहित में करेगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पार्षदों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे नगर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
समारोह में नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने विधायक निधि से प्राप्त इस आधुनिक डुअल टैंकर को नगरवासियों के लिए उपयोगी सौगात बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।


