

हमीरपुर से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। सरकारी एवं शत्रु संपत्तियों को कब्जामुक्त कराने के अभियान के तहत गुरुवार को मौदहा में मंडी समिति के सामने स्थित राजस्व विभाग की सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने के लिए प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। दोपहर करीब 12 बजे उपजिलाधिकारी करणवीर सिंह के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था के बीच अवैध कब्जा हटवाया और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय, तहसीलदार, राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन ने जेसीबी की मदद से सरकारी जमीन पर डाली गई मिट्टी, बालू तथा अन्य अतिक्रमण को हटाकर भूमि को खाली कराया।उपजिलाधिकारी करणवीर सिंह ने बताया कि कब्जाधारियों को पहले ही नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने और स्वामित्व संबंधी साक्ष्य प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बावजूद उन्होंने अपने स्तर से कब्जा नहीं हटाया, जिसके बाद प्रशासन को बुलडोजर चलाकर कार्रवाई करनी पड़ी।उन्होंने कहा कि सरकारी एवं शत्रु संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भूमाफियाओं और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
