

हमीरपुर से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर, 8 जुलाई। डॉ. अब्दुल कलाम सभागार, कलेक्ट्रेट में बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना तथा स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. मनोज प्रजापति उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभिषेक गोयल ने की।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं रसोइयों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। साथ ही स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर और बैग के लिए प्रति छात्र-छात्रा 1200 रुपये की सहायता प्रदान की गई।कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ द्वारा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकेश खरवार ने बताया कि जनपद में इस योजना का लाभ 2907 शिक्षकों, 840 शिक्षामित्रों, 307 अनुदेशकों और 2439 रसोइयों को मिलेगा।मुख्य अतिथि ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। वहीं सदर विधायक ने कहा कि शिक्षकों के स्वास्थ्य की चिंता सरकार ने अपने ऊपर लेकर उन्हें बेहतर वातावरण में शिक्षण कार्य करने का अवसर दिया है।जिलाधिकारी ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा कि परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ स्वच्छ वातावरण और पौष्टिक मध्यान्ह भोजन सुनिश्चित किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों को सुंदर एवं आकर्षक बनाने पर विशेष जोर दिया।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, रसोइये एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में खंड शिक्षा अधिकारी प्रभाकर सिंह तोमर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

