A2Z सभी खबर सभी जिले की

सिंगरौली: कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।

सिंगरौली: कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।

दुर्घटनाओं के प्रति अपनाएं जीरो टॉलरेंस, नियमों का उल्लंघन करने वाले ट्रांसपोर्टर होंगे ब्लैकलिस्ट।

(पत्रकार अमरेन्द्र शुक्ला सिंगरौली अखंड भारत न्यूज मध्य प्रदेश)

सिंगरौली:  कलेक्ट्रेट सभागार में  जिला सड़क सुरक्षा समिति की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस उच्च स्तरीय बैठक में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, कलेक्टर गौरव बैनल एवं पुलिस अधीक्षक सियाज के. एम. मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में आगामी मानसून सत्र और जिले के यातायात प्रबंधन को सुगम बनाने के लिए कई कड़े नीतिगत निर्णय लिए गए। सांसद डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि आम जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले तत्वों और नियमों की अनदेखी करने वाली कंपनियों पर तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सांसद ने हेलमेट के अनिवार्य उपयोग और ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में भारी पेनल्टी लगाने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जिले के प्रमुख चौराहों पर जिंगल के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके साथ ही, नियमों का उल्लंघन कर दुर्घटना का कारण बनने वाले वाहनों के परमिट और फिटनेस सर्टिफिकेट तुरंत रद्द करने के निर्देश भी दिए गए हैं। घायलों को आपातकाल में समय पर इलाज मिल सके, इसके लिए सांसद ने ‘पीएम राहत योजना’ एवं ‘राहगीर योजना’ का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा ताकि आम लोग इनका पूरा लाभ उठा सकें।

Related Articles

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सभी शैक्षणिक संस्थानों के बाहर अनिवार्य रूप से स्पीड ब्रेकर बनाने और उन पर सफेद पेंट से मार्किंग करने के निर्देश दिए हैं, ताकि दूर से ही चालकों को गति अवरोधक स्पष्ट दिखाई दे। इसके साथ ही, स्कूलों के बाहर उचित चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाएंगे।बैठक में अधिकारियों को जिले के सभी दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां भी तत्काल ब्रेकर, साइन बोर्ड और अन्य आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने के लिए पाबंद किया गया है।

शहरी इलाकों में यातायात को सुचारू बनाने के लिए सांसद ने अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्य सड़कों के किनारे अवैध रूप से संचालित गैरेज और गुमटियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाएगा। बाजार केवल उनके निर्धारित स्थलों पर ही लगाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के भारी चालान काटे जाएंगे। आबकारी विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि वे गुमटियों की सघन जांच करें ताकि वहां अवैध शराब की बिक्री न हो सके। इसके साथ ही, शराब की दुकानों को मुख्य सड़क से दूर स्थानांतरित करने का महत्वपूर्ण सुझाव भी दिया गया।

शहर के सभी बंद पड़े ट्रैफिक सिग्नलों को तत्काल चालू करने और बंद स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए गए। जिले में संचालित औद्योगिक कंपनियों द्वारा रोड सेफ्टी के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा करते हुए सांसद ने बेहद कड़े निर्देश जारी किए। अब कंपनियों को अपने वाहनों के लिए अलग से अनिवार्य पार्किंग व्यवस्था करनी होगी। निर्धारित एसओपी  का उल्लंघन करने वाले ट्रांसपोर्टरों को सीधे ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। कंपनियों को हैवी वाहनों के लिए डेडिकेटेड कॉरिडोर बनाने और सीसीटीवी कैमरों से उनकी चौबीसों घंटे निगरानी करने को कहा गया है। ट्रांसपोर्टरों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि सड़कों पर परिवहन के दौरान किसी भी प्रकार का कोल फ्लैश न गिरे।

आगामी मानसून के मौसम में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सांसद ने लोक निर्माण विभाग और संबंधित विकास एजेंसियों को सड़कों के गड्ढे तुरंत भरने के निर्देश दिए हैं। जिन पुल-पुलियों पर जलभराव की स्थिति निर्मित होती है, वहां पहले से ही चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और पानी भरने की स्थिति में बैरिकेडिंग कर आवागमन पूरी तरह रोका जाए। बैठक में एनएच-39 के निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने की बात कही गई। सांसद ने निर्देश दिए कि जहां भी निर्माण कार्य चल रहा है, वहां अनिवार्य रूप से डायवर्जन के साइन बोर्ड लगाए जाएं। इसके अलावा, पीएमजीएसवाई योजना के अंतर्गत क्षतिग्रस्त हुई ग्रामीण सड़कों का भी तत्काल सुधार कार्य कराया जाए। सांसद ने सख्त हिदायत दी कि वाहन चेकिंग के दौरान सड़कों पर जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए और रास्ते के किनारे खड़े खराब वाहनों को तुरंत हटाया जाए। बैठक के अंत में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने भी क्षेत्र की आवश्यकताओं को देखते हुए महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

विधायक श्री शाह ने निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले मुख्य मार्गों पर जहां भी स्कूल स्थित हैं, वहां बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर अनिवार्य रूप से गति सीमा बोर्ड लगाए जाएं और विशेष निगरानी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, उन्होंने भारी वाहनों के रूट पर चलने वाले सभी चालकों का समय-समय पर अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कराने के निर्देश दिए, ताकि मानवीय चूक से होने वाली दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदर लाल शाह,विधायक प्रतिनिधि अरविंद चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, एसडीएम सिंगरौली सुरेश जाधव, एसडीएम देवसर सौरव मिश्रा, एसडीएम चितरंगी देवेंद्र द्विवेदी, एसडीएम माडा नंदन तिवारी, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, एसडीओपी चितरंगी,  जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर, यातायात प्रभारी सहित जिले में संचालित विभिन्न परियोजनाओं एवं ट्रांसपोर्टर कम्पनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button