A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :डीएम के निर्देश पर जिला अस्पताल में 48 नए बेडों का वार्ड तैयार, अब कुल 140 बेड उपलब्ध

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

हमीरपुर। जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशों के अनुपालन में जिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर 48 अतिरिक्त बेडों वाला आधुनिक वार्ड तैयार कर संचालित कर दिया गया है। इसके साथ ही अस्पताल में कुल बेडों की संख्या बढ़कर 140 हो गई है, जिससे मरीजों को विशेषकर आकस्मिक परिस्थितियों में बेड की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।बताया गया कि मई माह में जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. एस. प्रजापति को अतिरिक्त वार्ड तैयार करने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के क्रम में अस्पताल की तीसरी मंजिल पर 48 नए बेडों के साथ पंखे, परदे, लाइटिंग, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं से युक्त वार्ड तैयार किया गया है।कार्य की प्रगति का सत्यापन करने के लिए जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं चीफ फार्मासिस्ट डी. सी. सचान के साथ वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण में वार्ड पूरी तरह तैयार मिला। मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए लिफ्ट का संचालन शुरू कर दिया गया है। वेटिंग हॉल, नर्सिंग स्टेशन, साफ-सफाई, आवश्यक उपकरणों की सूची तथा बैक-नर्सिंग एरिया सहित सभी व्यवस्थाएं पूर्ण पाई गईं।मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. एस. प्रजापति ने बताया कि शासन से जिला अस्पताल के लिए 68 बेड स्वीकृत हैं, जबकि पहले से 92 बेड संचालित किए जा रहे थे। अब 48 नए बेड जुड़ने के बाद अस्पताल में कुल 140 बेड उपलब्ध हो गए हैं, जिससे मरीजों को बेहतर और समयबद्ध उपचार मिल सकेगा।उन्होंने बताया कि अस्पताल में आवश्यक स्टाफ की कमी को दूर करने की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है, ताकि सभी वार्डों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।जिला प्रशासन का कहना है कि जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Show More
Check Also
Close
Back to top button