
पांढुर्णा में जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां तेज, डिजिटल सिस्टम से होगी मॉनिटरिंग
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा। जिले में आगामी जनगणना-2027 के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग एवं राज्य नोडल अधिकारी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत जिले में प्रारंभिक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बताया गया कि जनगणना-2027 देश की पहली ऐसी जनगणना होगी, जो पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी। इसे अधिक पारदर्शी, तकनीकी रूप से सक्षम और व्यवस्थित बनाने के लिए भारत के महारजिस्ट्रार द्वारा एक विशेष वेब प्लेटफॉर्म Census Management and Monitoring System (CMMS) तैयार किया गया है। इस पोर्टल के जरिए जिले में होने वाले जनगणना कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी, जिससे प्रगति रिपोर्ट, समन्वय और नियंत्रण प्रणाली बेहतर ढंग से संचालित हो सकेगी।
जनगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देश पर जिले में जिला जनगणना समन्वय समिति का गठन किया गया है। समिति के अध्यक्ष के रूप में कलेक्टर को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि जिला जनगणना अधिकारी को समिति का संयोजक बनाया गया है।
समिति में अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी, संयुक्त कलेक्टर, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, सहायक ई-गवर्नेंस मैनेजर, जिला शिक्षा अधिकारी, डूडा परियोजना अधिकारी और जिला जनसंपर्क अधिकारी को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासन स्तर से जनगणना को लेकर जारी सभी दिशा-निर्देशों, आदेशों एवं परिपत्रों का समय पर पालन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही समिति के सदस्यों को जनगणना कार्य के प्रभावी संचालन और निगरानी में सक्रिय सहभागिता निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार मजबूत की जा रही हैं।