
सतना/(15/04/2024)-आजादी के 76 वर्ष बाद भी व्याप्त सड़क की समस्या को लेकर लगातार छात्रों एवं युवाओं के संघर्ष में शामिल रहने वाले युवा समाजसेवी एवं छात्रनेता भास्कर देव परिहार “भानू” ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सतना लोकसभा प्रत्याशी सिद्धार्थ कुशवाहा को ज्ञापन सौंपकर उक्त समस्या को अपने लोकसभा स्तरीय चुनावी एजेंडे में शामिल करने की मांग करने के साथ ही प्रचार- प्रसार के दौरान जीत सुनिश्चित होने के बाद ग्रामवासियों को उक्त समस्या के समाधान हेतु आश्वस्त करने की मांग की।
सौंपे गए उक्त ज्ञापन में कहा कि जनपद पंचायत रामपुर बाघेलान की पंचायत शिवपुरवा के अंतर्गत आने वाले गांव दुबारी उन्मूलन में आज भी सड़क की समस्या काफी लंबे समय से बनी हुई है। हालात यह है कि उक्त गांव के लोग अपनी ही ग्राम पंचायत शिवपुरवा तक के लिए सड़क मार्ग से वंचित हैं।
यहां तक कि बारिश के मौसम में पैदल मार्ग भी अवरूद्ध हो जाता है।
श्री परिहार ने सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि सड़क सुविधा न होने के कारण गांव वासियों को स्कूल, अस्पताल, कॉलेज, नजदीकी बाजार अमरपाटन व अन्य मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए गांव से बाहर निकलना काफी मुश्किल होता है।
उक्त समस्या के समाधान को लेकर ग्रामवासी काफी लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं यहां तक कि इस विषय में लोकसभा व विधानसभा स्तरीय जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को कई बार सूचित किया गया लेकिन कोई भी सकारात्मक परिणाम देखने को नहीं मिला।
युवा समाजसेवी श्री भानू ने यह भी बताया कि उक्त गांव को ग्राम सोनौरा से ग्राम दुबारी उन्मूलन होते हुए ग्राम पंचायत शिवपुरवा तक लगभग 4 किलोमीटर सड़क के निर्माण से आसपास के करीब 10 से 15 गांव के लोग जो नौकरी य अन्य कारणों से रामपुर बाघेलान य रीवा आते- जाते है, प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे।
उक्त गतिविधि में आर के मेमोरियल कोचिंग सेंटर गुडुहुरू के संचालक व युवा समाजसेवी ज्ञानू कुशवाहा भी मौजूद रहे।
