अखंड भारत न्यूज़ चैनल में,
आइये जानते है रवि गोस्वामी की खास खबर,,,
सरगुजा – भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया जी की उपस्थिति में हुई प्रेसवार्ता, 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना के लाभों की दी गई जानकारी
अंबिकापुर ।
प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए निर्णयों की जानकारी देने शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने प्रेसवार्ता के माध्यम से मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए किसान हितैषी फैसलों की जानकारी दी।
भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, जिला महामंत्री विनोद हर्ष , किसान मोर्चा जिला प्रभारी मुन्नालाल चौधरी , जिला मीडिया प्रभारी रुपेश दुबे, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिल निराला उरांव, मोर्चा महामंत्री अनिल तिवारी , जनमेजय मिश्रा, रूपेश गुप्ता एवं कुणाल सिंह की उपस्थिति में विधायक रामकुमार टोप्पो ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान की खरीदी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना में संशोधन करते हुए धान की फसल पर प्रति क्विंटल के स्थान पर प्रति एकड़ के मान से आदान सहायता राशि देने का निर्णय लिया गया है।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने बताया कि इस निर्णय का लाभ प्रदेश के 27.50 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा। खास बात यह है कि यदि कोई किसान अपने पंजीकृत रकबे के अनुसार निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचता है, तब भी उसे पूरे रकबे के हिसाब से 13,839 रुपए प्रति एकड़ की पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। इससे छोटे किसानों को भी राहत मिलेगी। सरकार ने इस वर्ष 160 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी का लक्ष्य रखा है।
15 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी:
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक धान खरीदी की जाएगी। किसानों को धान बेचने के 72 घंटे के भीतर भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा। एग्रीस्टैक (AgriStack) आईडी से पंजीकृत किसानों को दोबारा पंजीयन कराने की आवश्यकता नहीं होगी और न ही समिति में अलग से ऋण पुस्तिका लाने की जरूरत पड़ेगी। डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से रकबे का ऑनलाइन निर्धारण तथा वास्तविक किसानों की पहचान के लिए बायोमेट्रिक आधारित धान खरीदी की व्यवस्था की गई है।
360 नए खरीदी केंद्र खुलेंगे:
किसानों को धान बेचने में सुविधा देने के लिए प्रदेश में 360 नए उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए जा रहे हैं। इससे कुल खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़कर 3100 हो जाएगी। विधायक ने बताया कि इन व्यवस्थाओं से किसानों को धान बेचने में सहूलियत मिलेगी और खरीदी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी।
तीन वर्षों में किसानों को 35,904 करोड़ से अधिक की सहायता:
प्रेसवार्ता में बताया गया कि कृषक उन्नति योजना के तहत पिछले तीन वर्षों में किसानों को कुल 35,904.90 करोड़ रुपए की अंतर राशि प्रदान की गई है। इसमें वर्ष 2023-24 में 13,289 करोड़, 2024-25 में 11,976 करोड़ तथा 2025-26 में 10,639 करोड़ रुपए किसानों के खातों में अंतर राशि के रूप में हस्तांतरित किए गए।
इसके अलावा धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रति एकड़ मिलने वाली सहायता राशि 11 हजार से बढ़ाकर 15 हजार रुपए करने का प्रावधान किया गया है। इस योजना के तहत 52 हजार से अधिक किसानों ने 28 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र के लिए पंजीयन कराया है। वहीं दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत पात्र भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाती है।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना है। कृषक उन्नति योजना में किए गए संशोधन से किसानों को लाभ मिलेगा और कृषि में विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
जिला मीडिया प्रभारी
भाजपा सरगुजा
