नशामुक्त समाज और राष्ट्रभक्त युवा तैयार करना विहिप की प्राथमिकता.. मनावर में धार विभाग की बैठक में केंद्रीय संयुक्त महामंत्री स्थानु मलयन का आह्वान… हिंदू समाज को संगठन से जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को नशे से बचाने पर जोर…
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। विश्व हिंदू परिषद के मनावर स्थित कार्यालय पर धार विभाग की बैठक आयोजित हुई। इसमें केंद्रीय संयुक्त महामंत्री श्री स्थानु मलयन जी ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठन विस्तार, कार्यकर्ता निर्माण और सामाजिक जागरूकता के विषयों पर विस्तार से विचार रखे। बैठक में आगामी समय में हित चिंतक अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने की कार्ययोजना बनाई गई।
स्थानु मलयन जी ने कहा कि संगठन की मजबूती केवल संख्या बढ़ाने से नहीं, बल्कि समाज के प्रति समर्पित और जागरूक कार्यकर्ताओं के निर्माण से होती है। आगामी समय में हित चिंतक अभियान के अंतर्गत धार, अलीराजपुर एवं मनावर जिले के सभी प्रखंडों में कार्यकर्ताओं का प्रवास होगा। इसके माध्यम से हिंदू समाज के अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने और संगठन के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
*नशे से युवा पीढ़ी को बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी*
अपने उद्बोधन में उन्होंने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज समाज के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक युवा पीढ़ी को नशे से बचाना है। यदि हमारी नई पीढ़ी नशे की गिरफ्त में चली जाएगी तो राष्ट्र का भविष्य कैसे सुरक्षित रहेगा? इसलिए केवल नशामुक्ति की बात करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि परिवार, समाज और संगठन को मिलकर युवाओं के बीच जागरूकता लानी होगी। युवाओं को नशे के दुष्परिणाम बताने, उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि हम गौ रक्षा का संकल्प लेते हैं, लेकिन जब तक समाज जागृत नहीं होगा, तब तक गौ रक्षा कैसे संभव होगी? इसी प्रकार हम अखंड भारत की कामना करते हैं, लेकिन यदि वर्तमान पीढ़ी में देशप्रेम, देशभक्ति और भारत माता के प्रति समर्पण की भावना जागृत नहीं होगी तो अखंड भारत का संकल्प कैसे साकार होगा? इसलिए नई पीढ़ी को संस्कारवान, नशामुक्त और राष्ट्र के प्रति समर्पित बनाना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समाज के बीच जाकर इन विषयों पर जागरूकता का वातावरण तैयार करें।
बैठक में प्रांत मंत्री विनोद शर्मा, प्रांत संगठन मंत्री खगेंद्र भार्गव, विभाग संगठन मंत्री सुरेश गुर्जर, जिला अध्यक्ष प्रदीप सोनी एवं धार जिला अध्यक्ष अशोक मुकाती सहित धार, अलीराजपुर एवं मनावर जिले के प्रांतीय, विभागीय, जिला और प्रखंड स्तर के पदाधिकारी व दायित्ववान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक की व्यवस्थाओं में विकास सोलंकी, करण यादव, अमर सेन, पंकज जख्मी, यशवंत बढ़वाया, अशोक सेन, विकास शर्मा, राहुल सहित अन्य कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा।
