*भ्रष्टाचार की पुष्टि के बाद भी दोषियों पर मेहरबानी! शिकायत निस्तारण के नाम पर लीपापोती का आरोप*
*अम्बेडकरनगर।* जिले की ग्राम पंचायत टंडवा मिश्र में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धनराशि के कथित बंदरबांट और वित्तीय अनियमितताओं का मामला अब शासन तक पहुंच गया है। शिकायतकर्ता ने निदेशक पंचायती राज, उत्तर प्रदेश लखनऊ को पत्र भेजकर जिला पंचायत राज अधिकारी पर शिकायत का गलत निस्तारण करने और दोषियों को बचाने के नाम पर महज खानापूर्ति करने का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 में इंटरलॉकिंग, पटिया निर्माण और कूप मरम्मत के नाम पर सरकारी धनराशि के दुरुपयोग की शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर 25 अगस्त 2026 को संदर्भ संख्या 40017826035580 के तहत साक्ष्यों सहित दर्ज कराई गई थी।
*आरोप है कि जिला पंचायत राज अधिकारी ने 23 सितंबर 2026 की आख्या में गलत लोकेशन पर प्रदर्शित तस्वीरों को सर्वर एरर बताते हुए दोबारा जियोटैगिंग कराने और कार्यों को नियमानुसार सही करार देकर शिकायत निस्तारित कर दी। वहीं, असंतुष्टि दर्ज कराने के बाद संबंधित सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी कर विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने की कार्रवाई की गई,* जिसे शिकायतकर्ता ने गंभीर वित्तीय अनियमितताओं पर पर्दा डालने की कोशिश बताया है।
शिकायतकर्ता ने *ग्राम पंचायत सचिव राजीव कुमार वर्मा, सहायक विकास अधिकारी पंचायत उमाशंकर सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी उपेन्द्र कुमार पाण्डेय सहित संबंधित अवर अभियंताओं की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।*
उन्होंने निदेशक पंचायती राज से पूरे प्रकरण की पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर सरकारी धनराशि के दुरुपयोग और कथित फर्जीवाड़े में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की है।
