हमीरपुर। जनपद के ग्राम उजनेड़ी, विकासखंड सुमेरपुर में लिफ्ट कैनाल के समीप जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्व में बिछाई गई पाइपलाइन के कारण सिंचाई के लिए उपयोग किए जाने वाले कई कोलाबे क्षतिग्रस्त हो गए थे। इस समस्या की जानकारी प्राप्त होने पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री विजय सिंह द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए किसानों के हित में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
अपर जिलाधिकारी को 14 नवंबर को जानकारी मिली कि पाइपलाइन बिछाए जाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुए कोलाबों के कारण किसानों को सिंचाई में परेशानी हो सकती है। साथ ही 15 नवंबर से लिफ्ट कैनाल में पानी छोड़े जाने की तैयारी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने सूचना प्राप्त होने के एक घंटे के भीतर ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया तथा नमामि गंगे टीम को निर्देश दिए कि किसी भी दशा में किसानों को सिंचाई संबंधी समस्या नहीं होनी चाहिए। इसके लिए युद्धस्तर पर दिन-रात कार्य कर सभी क्षतिग्रस्त कोलाबों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में शाम होते-होते आवश्यक पाइपलाइन एवं जेसीबी मशीन मौके पर पहुंच गई तथा रात्रि लगभग 10 बजे कार्य प्रारंभ कर दिया गया। अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री विजय सिंह स्वयं रात्रि 10:30 बजे से प्रातः 4:15 बजे तक मौके पर उपस्थित रहे और अपनी देखरेख में पूरी कार्यवाही संपन्न कराई।
इस दौरान जल निगम ग्रामीण के सहायक अभियंता श्री अरुण प्रभाकर ने अपने कुशल मार्गदर्शन में टीम से कार्य कराया। लिफ्ट कैनाल से संबंधित कार्य होने के कारण अवर अभियंता श्री प्रकाश पटेल भी पूरे समय मौके पर उपस्थित रहे। वहीं जिंदल कंपनी के साइट इंजीनियर श्री रितिक ने अपनी टीम के साथ कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
किसानों को समय से सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूरी टीम ने समन्वय एवं तत्परता के साथ कई दिनों में पूरा होने वाला कार्य मात्र एक रात में संपन्न कर दिया। कार्य पूर्ण होने पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री विजय सिंह ने सहायक अभियंता श्री अरुण प्रभाकर एवं जिंदल कंपनी की पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस त्वरित कार्रवाई से लिफ्ट कैनाल से सिंचाई करने वाले क्षेत्रीय किसानों को बड़ी राहत मिली है तथा निर्धारित समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित हुई है।
