गणेश पाण्डे , अखंड भारत समाचार डिण्डौरी
डिण्डौरी । पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा मादक पदार्थों के सेवन एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा नवयुवकों के जीवन एवं स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को दृष्टिगत रखते हुए मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं तस्करी के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने हेतु निर्देशित किया गया है।
उक्त निर्देशों के पालन में पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी के आदेशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) शहपुरा के मार्गदर्शन में दिनांक 30.10.2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर शाहपुर पुलिस टीम द्वारा ग्राम आनाखेड़ा टिकरिया से ग्राम सिलहरी एवं ग्राम मक्के के बीच पक्की सड़क पर घेराबंदी कर दबिश दी गई।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर आरोपी भारत सिंह उर्फ रामकुमार पारासर पिता तोक सिंह पारासर, उम्र 39 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11, डिण्डौरी, थाना एवं जिला डिण्डौरी को अपनी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP52 MB 0689 से एक काले रंग के पिट्ठू बैग में अवैध रूप से गांजा ले जाते हुए पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से समक्ष गवाहान निम्नलिखित सामग्री जप्त की गई—
1. अवैध मादक पदार्थ गांजा – 06 किलो 228 ग्राम, अनुमानित कीमत ₹80,000।
2. घटना में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP52 MB 0689 – कीमत ₹65,000।
3. वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन – कीमत ₹20,000।
इस प्रकार कुल ₹1,65,000 कीमती सामग्री जप्त की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर थाना डिण्डौरी में अपराध क्रमांक 279/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय डिण्डौरी के समक्ष पेश किया गया।
सराहनीय भूमिका
उक्त संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक केवल सिंह परते, सहायक उपनिरीक्षक रामप्रसाद यादव, आरक्षक 263 रोहित मरकाम, आरक्षक 56 दीपक धुर्वे, आरक्षक 396 मनोज तिवारी एवं महिला आरक्षक 112 पल्लवी पाराशर का सराहनीय योगदान रहा।
