संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़ पांढुरना
पांढुर्णा। जिले में 8 अक्टूबर को जनहित, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, मतदाता जागरूकता एवं प्रशासनिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले की 10 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत के रूप में सम्मानित किया गया। इनमें 7 ग्राम पंचायतों को स्वर्ण पदक तथा 3 ग्राम पंचायतों को पदक प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
पुरस्कार वितरण कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ, पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड़ एवं नगर पालिका अध्यक्ष संदीप घाटोड़े द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत 9 अक्टूबर को पांढुर्णा के कौड़िया तथा सौंसर के गांगतवाड़ा क्षेत्र में जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों में अधिकारी ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और नियमानुसार निराकरण की कार्रवाई करेंगे। वायुसेना दिवस के अवसर पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा कलेक्टर कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर भारतीय वायुसेना के शौर्य और राष्ट्रसेवा को नमन किया गया।
कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ एवं संयुक्त कलेक्टर नेहा सोनी की उपस्थिति में वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए।
शिविरों में पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 प्राप्त किए गए। यह अभियान 9 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए कलेक्टर सभाकक्ष में अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया। जनगणना निदेशालय भोपाल से आए प्रशिक्षकों ने जनसंख्या संबंधी जानकारी के संकलन, तकनीकी प्रक्रिया एवं अधिकारियों के दायित्वों की जानकारी दी।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सौंसर के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 105 छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार एवं कौशल विकास से संबंधित जानकारी दी गई।
इसी अभियान के तहत ग्राम गुजरखेड़ी में पौधारोपण कर ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। अवैध शराब निर्माण के विरुद्ध आबकारी विभाग ने ग्राम ईटावाढाना, जाटलापुर एवं उमरीमुक्ता में कार्रवाई करते हुए लगभग 4000 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट किया तथा 45 बल्क लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की।
संबंधित मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा की क्वांटम सोसायटी द्वारा ग्राम मगजगांव की शासकीय प्राथमिक शाला में विद्यार्थियों को पेंसिल, रबर, पेंसिल बॉक्स सहित शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।
विद्यार्थियों के साथ संवाद एवं खेल गतिविधियों के माध्यम से उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित किया गया। जिले में आयोजित इन विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, प्रशासन, मतदाता जागरूकता, युवा मार्गदर्शन एवं सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
