जौनपुर (संवाददाता मनोज कुमार)। प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव शनिवार को एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाने वाले एथलीट रोहित यादव के पैतृक गांव डभिया अदारी पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने रोहित यादव को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। राज्यमंत्री ने रोहित के माता-पिता एवं परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनके संघर्ष और समर्पण की सराहना की।
उन्होंने कहा कि रोहित ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी कड़ी मेहनत, अटूट लगन और असाधारण प्रतिभा के दम पर देश व प्रदेश के साथ-साथ जनपद जौनपुर का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि जनपद के उभरते खिलाड़ियों और युवाओं के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत बनेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि रोहित आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए देश की झोली में और पदक डालेंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन और संसाधन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
इस मौके पर स्थानीय गणमान्य लोग, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
