जौनपुर (संवाददाता मनोज कुमार)। तहसील सदर में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन.
एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान जिले के दोनों शीर्ष अधिकारियों ने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं।
समाधान दिवस में आए प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही अवलोकन करते हुए डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से धरातल पर किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि तय समय-सीमा के भीतर फरियादियों को संतुष्टिपरक न्याय मिलना शासन की पहली प्राथमिकता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने मातहतों को निर्देशित किया कि राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े जमीनी विवादों व अन्य संवेदनशील मामलों में दोनों विभाग आपसी समन्वय बनाकर मौके पर जाएं और निष्पक्ष व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी विवाद को बढ़ने से पहले ही सुलझाया जा सके। समाधान दिवस के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश के साथ सौंपा गया।
इस मौके पर तहसील स्तरीय प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
