महेशाल में जनता दरबार, विधायक संगीता देवी ने अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
सड़क, बिजली, पानी और सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे ग्रामीण, कई मामलों में मौके पर अधिकारियों से की बातचीत
महेशाल। बारसोई-बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र के महेशाल पंचायत स्थित महेशाल चौक पर गुरुवार को विधायक श्रीमती संगीता देवी की ओर से जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें महेशाल पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी विभिन्न समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।
जनता दरबार में ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, सरकारी योजनाओं सहित अन्य समस्याएं रखीं। विधायक संगीता देवी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही संबंधित पदाधिकारियों से फोन पर बातचीत कर समस्या के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। वहीं, अन्य मामलों को आवेदन के माध्यम से संबंधित विभाग तक पहुंचाकर कार्रवाई कराने की बात कही।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर विधायक संगीता देवी ने कहा, “मेरी जनता ही मेरी मालिक है। जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान का प्रयास करना मेरा कर्तव्य है।” उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों से सीधे बातचीत कर समाधान की पहल की जाएगी।
जनता दरबार में कई मामलों के समाधान का मौके पर ही प्रयास किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
