जौनपुर (संवाददाता मनोज कुमार):
जनपद में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आमजन की छोटी-बड़ी समस्याओं के निस्तारण में जुटी जौनपुर पुलिस को सर्विलांस और तकनीक के मोर्चे पर बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। विभिन्न स्थानों पर गुम हुए मोबाइलों को ट्रेस करने के लिए चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल और साइबर सेल के सहयोग से 45 लाख रुपये कीमत के कुल 201 स्मार्टफोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंप दिए हैं।
दूसरे राज्यों तक फैला रिकवरी नेटवर्क
पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर साइबर क्राइम थाने और थानों की साइबर टीमों ने गुमशुदगी के प्रार्थना पत्रों पर गहन पड़ताल शुरू की। तकनीक का इस्तेमाल करते हुए पुलिस टीम ने न केवल प्रदेश के विभिन्न जनपदों बल्कि अन्य राज्यों में चल रहे हैंडसेटों को भी सफलतापूर्वक लोकेट किया:
यूपी के अन्य जिले: आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ व भदोही।
अन्य राज्य: दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान। बरामद ब्रांड्स: वनप्लस, एप्पल (आईफोन), सैमसंग, वीवो, ओप्पो, रेडमी, रियलमी, टेक्नो और पोको जैसी प्रमुख कंपनियों के कीमती हैंडसेट।
अब तक 4.35 करोड़ के मोबाइल कराए जा चुके हैं वापस
अपर पुलिस अधीक्षक नगर/नोडल साइबर सेल और सहायक पुलिस अधीक्षक नगर गोल्डी गुप्ता के कुशल पर्यवेक्षण में बरामदगी की यह कार्रवाई पूरी हुई। अधिकारियों ने बताया कि जनपद पुलिस अब तक कुल 2,239 मोबाइल फोन (अनुमानित बाजार मूल्य करीब 4 करोड़ 35 लाख रुपये) बरामद कर नागरिकों को सुरक्षित लौटा चुकी है।
किस थाने से कितने मोबाइल हुए बरामद? (कुल: 201)
खुटहन: 21 | कोतवाली: 17 | साइबर क्राइम थाना: 16 | मड़ियाहूँ: 15
बदलापुर: 14 | शाहगंज: 14 | बक्शा: 12 | चन्दवक: 10
सुजानगंज: 10 | लाइन बाजार: 09 | केराकत: 08 | जलालपुर: 08
रामपुर: 07 | सरायख्वाजा: 06 | मुंगरा बादशाहपुर: 05 | सरपतहाँ: 05
खेतासराय: 04 | गौराबादशाहपुर: 04 | जफराबाद: 04 | मछलीशहर: 03
मीरगंज: 02 | सिकरारा: 02 | महराजगंज: 02 | सिंगरामऊ: 01 | बरसठी: 01
पुलिस की सलाह: मोबाइल खोने पर तुरंत उठाएं ये कदम
अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ सिटी ने बताया कि मोबाइल गुम होने पर घबराने के बजाय तत्काल नजदीकी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराएं और www.ceir.gov.in पोर्टल पर ब्लॉक व ट्रैकिंग हेतु पंजीकरण करें।
साथ ही उन्होंने नागरिकों को ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के लिए सतर्क रहने की हिदायत दी:
किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर एनीडेस्क या टीमव्यूअर जैसे रिमोट ऐप डाउनलोड न करें। पैसे प्राप्त करने के लिए कभी यूपीआई पिन दर्ज न करें।
साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देर किए 1930 डायल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
