सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने, आवारा पशुओं पर रोक और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के दिए निर्देश
डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला यातायात एवं सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, अपर कलेक्टर जेपी यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्र डिंडौरी एवं शहपुरा में सड़कों पर आवारा पशुओं के विचरण पर रोक लगाने तथा उन्हें कांजी हाउस भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने राहवीर योजना के अंतर्गत घटित घटनाओं एवं प्रकरणों की भौतिक प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने यातायात प्रभारी एवं आरटीओ अधिकारी को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थानों पर रेडियम एवं दिशा-सूचक संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने राहवीर योजना के अंतर्गत सहयोगी व्यक्तियों के आवेदन, आधार कार्ड एवं पैन कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने को कहा।
कलेक्टर ने पुलिस विभाग को हिट एंड रन के प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेज पूर्ण कर प्रकरण बीमा कंपनी को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र प्रकरण निरस्त न हों। उन्होंने जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क हेलमेट वितरण करने तथा प्रधानमंत्री राहत योजना एवं कैशलेस ट्रीटमेंट स्कीम के संबंध में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने तथा नगरीय क्षेत्रों में डिवाइडर की मरम्मत एवं साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने डिंडौरी के देवरा रोड स्थित मुख्य मार्ग पर गड्ढों के कारण प्रभावित हो रहे आवागमन को देखते हुए पीएमजीएसवाई को तत्काल गड्ढों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लैक स्पॉट पर संकेतक बोर्ड लगाने एवं स्पीड ब्रेकर पर पेंट कराने के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया। उन्होंने बोंदर, गाडासरई, सागरटोला, नेवसा, शहपुरा सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर आवश्यक संकेतक बोर्ड लगाने को कहा, जिससे वाहन चालकों को समय रहते मार्ग की स्थिति की जानकारी मिल सके और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
