हमीरपुर। जिलाधिकारी हमीरपुर श्री अभिषेक गोयल की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री मृगांक शेखर पाठक की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की नवम् बैठक एवं जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, सड़क सुरक्षा उपायों, चिन्हित ब्लैक स्पॉट, सड़क सुधार कार्य तथा मिशन सेफ फ्यूचर-3.0 के अंतर्गत स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जनवरी से अगस्त 2026 तक हुई सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति एवं उनके प्रमुख कारणों की समीक्षा करते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित सड़क स्वामित्व वाली संस्थाओं को चिन्हित ब्लैक स्पॉट, तीव्र मोड़ों, क्षतिग्रस्त रम्बल स्ट्रिप्स, रोड मार्किंग एवं स्पीड टेबल/टेबल टॉप आदि को मानकों के अनुरूप दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। एनएच-34 पर यमुना एवं बेतवा ब्रिज तथा राठ तिराहे के आसपास आवश्यक सड़क सुधार कार्य तथा कुण्डौरा मार्ग के समीप तीव्र मोड़ पर हाइमास्ट लाइट एवं अन्य सुरक्षात्मक उपाय शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत ओवरलोडिंग, अवैध परिवहन, यातायात नियमों के उल्लंघन तथा मॉडिफाइड साइलेंसर के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश दिए। एक या उससे अधिक मृत्यु वाली सड़क दुर्घटनाओं में संलिप्त वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने तथा जनपद में वाहनों के लिए आवश्यक होल्डिंग एरिया हेतु भूमि चिन्हित करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही दुर्घटना की स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग एवं एक्सप्रेस-वे के निकट स्थित ट्रॉमा सेंटरों की जानकारी एवं पहुंच मार्ग को अद्यतन रखने को कहा गया।
मिशन सेफ फ्यूचर-3.0 के अंतर्गत स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों में विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति का गठन, वाहनों में परिचर तथा छात्राओं के परिवहन के लिए महिला परिचर की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यालय प्रबंधन के माध्यम से स्कूली वाहन चालकों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने तथा अनफिट वाहनों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाने को कहा गया। कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के परिवहन में असुरक्षित वाहनों के प्रयोग तथा 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों द्वारा बिना वैध लाइसेंस वाहन चलाने पर भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा दिए गए निर्देशों की प्रगति की अगली बैठक से पूर्व समीक्षा कर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री राकेश कुमार, एआरटीओ श्री प्रवीण सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्रीमती रिजवाना शाहिद, उपजिलाधिकारी मौदहा श्री करणवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर श्री यशपाल सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री मुकेश खरवार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
