साततलाई, कोटड़ा व टवलाई खुर्द में दो दिवसीय आयोजन, धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं को किया आमंत्रित…
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। लोक देवता एवं गो-रक्षक सत्यवादी वीर तेजाजी महाराज की नवमी के अवसर पर ग्राम साततलाई, कोटड़ा एवं टवलाई खुर्द में वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा के तहत दो दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर तेजाजी भक्तों एवं ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है।
रविवार 20 सितंबर को तेजाजी महाराज की नवमी के अवसर पर तीनों स्थानों पर रात्रि जागरण एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं द्वारा रातभर भजनों के माध्यम से वीर तेजाजी महाराज की आराधना की गई।
वहीं सोमवार 21 सितंबर को मन्नतधारी परिवारों के बच्चों का तुला दान, सर्प की ताती छोड़ने की धार्मिक रस्म तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
आयोजक समिति ने क्षेत्र की समस्त धर्मप्रेमी जनता एवं तेजाजी भक्तों से परिवार सहित आयोजन में शामिल होकर वीर तेजाजी महाराज के दरबार में दर्शन-पूजन करने और भंडारे की प्रसादी ग्रहण करने का आग्रह किया है।
श्रद्धालुओं से अपनी मनोकामना के साथ बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने की अपील भी की गई है।
आयोजन के संबंध में समस्त तेजाजी भक्तों एवं ग्रामवासियों ने बताया कि यह धार्मिक परंपरा वर्षों से चली आ रही है, जिसमें आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु पहुंचकर अपनी आस्था प्रकट करते हैं।
