55 लाख के 385 ग्राम सोने के आभूषण जब्त, वांछित आरोपी मकसूद गिरफ्तार….
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। तमिलनाडु में चोरी के मामलों में फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पहुंची तमिलनाडु पुलिस को मनावर क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली। मनावर थाना क्षेत्र की उमरबन चौकी पुलिस ने तमिलनाडु पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए ग्राम खैरवा जागीर से वांछित आरोपी मकसूद पिता जामगीर खान (36) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 385 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार तमिलनाडु राज्य के थाना कायथर, जिला तुथुकुडी के अपराध क्रमांक 461/2026, धारा 303(3) बीएनएस तथा थाना बतलगुंडू, जिला डिंडीगुल के अपराध क्रमांक 423/2026, धारा 305(ब) बीएनएस की विवेचना के दौरान आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी सिलसिले में तमिलनाडु पुलिस टीम धार जिले के मनावर क्षेत्र में पहुंची।
उमरबन में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा…
पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं एसडीओपी मनावर ब्रजेश कुमार मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव ने पुलिस टीम गठित की। टीम ने तमिलनाडु पुलिस के साथ ग्राम खैरवा जागीर, उमरबन में दबिश दी और आरोपी मकसूद को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से संबंधित अपराध में चोरी किए गए 385 ग्राम सोने के आभूषण बरामद हुए।
पुलिस ने बरामद मशरूका को तमिलनाडु पुलिस को संबंधित प्रकरण की विवेचना में सौंपने के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका…
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव, चौकी प्रभारी उमरबन उप निरीक्षक प्रकाश अलावा, प्रधान आरक्षक राजेश चौहान, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र मांडवी एवं आरक्षक गंगाराम बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई की सफलता पर पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
