डिंडोरी: गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डिंडोरी में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा हर्षोल्लास, श्रद्धा और वैदिक रीति-रिवाज के साथ स्थापित की गई।
प्रतिमा स्थापना का धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। इस दौरान आचार्य परिवार व भैया-बहिनों ने भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं विद्यालय की उन्नति की कामना की।
कार्यक्रम में तिलक बाल कल्याण समिति के व्यवस्थापक नरेन्द्र सिंह राजपूत, समिति सदस्य राजेन्द्र परमार, संस्था प्रधान देवेन्द्र नाथ चतुर्वेदी, प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार पाण्डेय सहित समस्त आचार्य परिवार विशेष रूप से उपस्थित रहा। पूजा-अर्चना के उपरांत भगवान गणेश की आरती की गई और उपस्थित सभी लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।
गणेश प्रतिमा स्थापना के दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। भैया-बहिनों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ गणपति बप्पा मोरया और शिवनंदन दीनदयाल के जयकारे लगाए, जिससे पूरा विद्यालय परिसर गुंजायमान हो उठा।
