मौदहा (हमीरपुर)। कोतवाली मौदहा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर छिरका गांव के पास मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा घुसी।
हादसे में स्कूटी सवार तीन लोग घायल हो गए। बताया गया कि खन्ना की ओर से आ रहे पुष्पेंद्र पुत्र मलखान (30) निवासी खन्ना, कल्लू पुत्र रामनाथ (35) तथा सोनू पुत्र रमेश (21) निवासी मवैया एक ही स्कूटी पर सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी की रफ्तार तेज थी और सवार नशे में बताए जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे चली गई।
हादसे की सूचना पर उपनिरीक्षक अकरम खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को घर भेज दिया।
