हमीरपुर। गौरा देवी मंदिर के पास देर रात ई-रिक्शा चालक और पुलिसकर्मी के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो को लेकर पुलिसकर्मी पर ई-रिक्शा चालक के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा की बैटरी खत्म होने के बाद पुलिसकर्मी चालक पर रिक्शा ले जाने का दबाव बना रहा था।
इसी दौरान विवाद बढ़ गया। मामले में हस्तक्षेप करने पहुंचे सभासद प्रतिनिधि बउवा ठाकुर से भी कथित तौर पर बदसलूकी किए जाने का आरोप है।
वीडियो बनाए जाने को लेकर मोबाइल फोन जमीन पर पटककर क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पुलिसकर्मी नशे की हालत में था और उसने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकी दी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों के साथ कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी गई और मामले की जांच कर आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मी के व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि वीडियो की सत्यता और घटना के पूरे तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
